25 नई जल्द ई-बसों का होगा संचालन

गांवों और सेक्टरों को जोड़ेंगे कई नए रूट

25 नई जल्द ई-बसों का होगा संचालन

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में पिछले कई महीनों से चल रही सार्वजनिक परिवहन सेवा के विस्तार में अब बढ़ोतरी करने जा रही हैं। 100 इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े में अब जल्द ही 25 नई बसों को शामिल किया जाएगा। इन बसों के संचालन के लिए रूटों का सर्वे भी शुरू हो चुका है। इस बार बसों के संचालन के दौरान ज्यादा से ज्यादा गांव और सेक्टरों को जोड़ा जाएगा।नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन 15 जून से किया गया था। जिसमें 50 बसें नोएडा, 25 बसें ग्रेटर नोएडा और 25 बसों का संचालन यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में किया जा रहा है। अब जल्द ही 25 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इन बसों के संचालन के लिए रूटों का सर्वेक्षण भी किया जा रहा है। जिससे गांव और सेक्टरों के निवासियों को लाभ प्राप्त हो सके।


यात्रियों की दोगुना बढ़ी संख्या 
नोएडा प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक, पांच रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक बसों की नोएडा के निवासियों को जानकारी होने के साथ ही अब लगातार यात्रियों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। जुलाई में करीब 1.50 लाख यात्रियों ने इलेक्ट्रिक बसों में सफर किया था। जबकि, अगस्त में यात्रियों की संख्या बढ़कर 3.40 लाख पहुंच गई है। यात्रियों की संख्या बढ़ने से राजस्व भी दोगुना हो गया है।
इलेक्ट्रिक बसों की लगातार बढ़ रही मांगःएसपी सिंह
नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि गांव और सेक्टरों में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की मांग की जा रही है। लोगों की इस मांग को स्वीकार करते हुए इलेक्ट्रिक बसों की जल्द ही संख्या बढ़ाई जाएगी। इसी के चलते नए रूटों का सर्वे भी किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक बसों से संबंधित शिकायत और सुझाव के लिए 1800-180-2877 हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया गया है।