तेजेश चौहान,तेजस
गाजियाबाद
गाजियाबाद पुलिस की स्वाट टीम ट्रांस हिंडन जोन और थाना इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लूट की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए छह शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 23 लाख रुपये की नगदी, दो अवैध तमंचे, चार कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। पीड़ित के मुताबिक बदमाशों ने कुल 38 लाख की लूट को अंजाम दिया था।
ग्रॉसरी के मालिक से हुई थी लूट
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं कानून व्यवस्था आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि इंदिरापुरम इलाके के कनावनी स्थित क्लाउड 9 सोसाइटी में प्रवेश बिश्नोई ग्रॉसरी की दुकान चलाते हैं 14 जुलाई की रात रोजाना की तरह वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। जब वह कनावनी पुस्ता रोड पर पहुंचे तो वहां पहले से ही घात लगाए बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिराया और पैसों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए जिसकी सूचना उन्होंने स्थानीय पुलिस को दी लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। इस संबंध में थाना इंदिरापुरम में मुकदमा दर्ज कराया गया।
लूट में शामिल सभी 6 बदमाश गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि पीड़ित के द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपना जाल बिछाया और अथक प्रयास के बाद पुलिस ने मुकुल पुत्र नेपाल सिंह भीमनगर, गाजियाबाद, सुरेन्द्र उर्फ सुलेन्द्र पुत्र सुक्कन निवासी बीटा-2, गौतमबुद्ध नगर,आकाश पुत्र राजा बीटा-2, गौतमबुद्ध नगर,नितेश पुत्र भगवानदास भीमनगर, गाजियाबाद,विवेक पुत्र धर्मवीर माईचा, दादरी,विशाल पुत्र नेमपाल हबीबपुर को गिरफ्तार किया है इनमें से 16 जुलाई की रात, पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपीयों मुकुल, सुरेन्द्र और आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया। जिनके कब्जे से 5 लाख रुपये नगद और अवैध हथियार के अलावा लूट में इस्तेमाल की गई बाइक को भी बरामद कर लिया गया।
बदमाशों से 23 लाख की नगदी की गई बरामद
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 17 जुलाई को दिन में, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नितेश, विवेक और विशाल को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से भी लूट के 18 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए बदमाशों से की गई पूछताछ के बाद सामने आया कि मुकुल और नितेश, पीड़ित की दुकान पर पूर्व में काम कर चुके हैं और उन्हें जानकारी थी कि वह रोजाना बड़ी रकम लेकर आते-जाते हैं। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने अपने अन्य साथियों को शामिल कर इस लूट की योजना बनाई थी और लूट के बाद सभी आरोपी रकम लेकर नोएडा के हबीबपुर स्थित किराए के मकान में पहुंचे और रकम को आपस में बांटकर फरार हो गए। बहराल पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही पूरी घटना का खुलासा करते हुए सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि सभी बदमाशों पर अलग-अलग थानों में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस अब यह भी जानकारी कर रही है कि आखिरकार ग्रॉसरी मालिक के पास जो कैश था वह किस माध्यम से आया था।