25 हजार का इनामी बदमाश चोरी की बैटरी और तमंचे के साथ गिरफ्तार
खेकड़ा कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक बैटरी और देसी तमंचा बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी उसके गांव सांकरौद से की गई।
25 हजार का इनामी बदमाश चोरी की बैटरी और तमंचे के साथ गिरफ्तार
- अमीनगर सराय के प्लास्टिक गोदाम में चोरी की घटना में चल रहा था फरार
- पहले 10 हजार और बाद में घोषित हुआ था 25 हजार रुपये का इनाम
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक बैटरी और देसी तमंचा बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी उसके गांव सांकरौद से की गई।
अमीनगर सराय कस्बे में नदीम अलवी का प्लास्टिक का गोदाम है। गत 18 जुलाई की रात बदमाशों ने गोदाम को निशाना बनाते हुए पांच बैटरी, एक इनवर्टर, बिजली की एक मोटर और रविंग मशीन समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित ने 19 जुलाई को सिंघावली अहीर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की जांच में खेकड़ा क्षेत्र के सांकरौद गांव निवासी अक्षय का नाम प्रकाश में आया था। घटना के बाद से ही अक्षय फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक की ओर से पहले उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में इनाम की राशि बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई थी। बुधवार रात खेकड़ा कोतवाली पुलिस ने आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से गोदाम से चोरी की गई एक बैटरी और देसी तमंचा बरामद हुआ है। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए चालान कर दिया गया।