रटौल से दवा लेकर लौट रहे दंपती को तेज रफ्तार बाइक ने रौंदा, दिल्ली रेफर
नंगला बड़ी मोड़ पर तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे एक युवक ने दवा लेकर घर लौट रहे दंपती की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर निजी वाहन से दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाना खेकड़ा में तहरीर दी है।
रटौल से दवा लेकर लौट रहे दंपती को तेज रफ्तार बाइक ने रौंदा, दिल्ली रेफर
- नंगला बड़ी मोड़ पर आमने-सामने की टक्कर में पति-पत्नी गंभीर घायल, आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
नंगला बड़ी मोड़ पर तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे एक युवक ने दवा लेकर घर लौट रहे दंपती की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर निजी वाहन से दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाना खेकड़ा में तहरीर दी है।
अहमदनगर नंगला बड़ी निवासी खुशीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो दिन पूर्व उनका पुत्र चेतन अपनी पत्नी सोनी के साथ रटौल से दवा लेकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों नंगला बड़ी मोड़ पर पहुंचे, तभी लोनी की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि पीछे से आ रहे ग्रामीण मुकेश ने तत्काल परिजनों को हादसे की सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को निजी वाहन से दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं राहगीरों ने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हादसा पूरी तरह आरोपी चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने थाना खेकड़ा पुलिस से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।