सीबीएचआई टीम ने बागपत में की स्वास्थ्य आंकड़ों की समीक्षा बैठक
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की केंद्रीय स्वास्थ्य आसूचना ब्यूरो (सीबीएचआई) टीम ने गुरुवार को बागपत जिले में संचारी और गैर-संचारी रोगों से संबंधित आंकड़ों की जांच और सत्यापन हेतु जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया। यह बैठक मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई, जिसमें सीबीएचआई टीम ने जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की।
सीबीएचआई टीम ने बागपत में की स्वास्थ्य आंकड़ों की समीक्षा बैठक
- बैठक में सीएमओ व स्वास्थ्य अधिकारियों ने दी जानकारी,
- आंकड़ों की रिपोर्टिंग और सत्यापन पर हुआ जोर
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की केंद्रीय स्वास्थ्य आसूचना ब्यूरो (सीबीएचआई) टीम ने गुरुवार को बागपत जिले में संचारी और गैर-संचारी रोगों से संबंधित आंकड़ों की जांच और सत्यापन हेतु जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया। यह बैठक मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई, जिसमें सीबीएचआई टीम ने जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की।
बैठक में सीबीएचआई टीम की उप निदेशक दीक्षा सचदेवा, कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी अभिषेक सिंह, और शेष कुमार मौर्या शामिल रहे। बैठक का उद्देश्य एनसीडी, एनएचएम और सीडीए एनसीडी पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के सत्यापन और रिपोर्टिंग की स्थिति की समीक्षा करना था। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. तीरथ लाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में एसीएमओ डा. मुकेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डा. मसूद अनवर और डा. रोबिन सहित जनपद के सांख्यिकी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। टीम द्वारा संचारी और गैर-संचारी रोगों के वर्ष 2024-25 के डाटा की जांच की गई और संबंधित रजिस्टर, पोर्टल अपडेशन, स्टॉक रजिस्टर और एनसीडी स्टाफ प्रोफाइल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीबीएचआई टीम ने स्पष्ट किया कि आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्ध फीडिंग स्वास्थ्य योजनाओं की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिले की स्वास्थ्य इकाइयों को निर्देश दिए कि सभी रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की जाएं और रजिस्टर का रख-रखाव नियमित रूप से किया जाए। डा. मसूद अनवर ने बताया कि 21 से 23 जुलाई के बीच यह टीम मेरठ जनपद में भ्रमण पर थी, जबकि 24 और 26 जुलाई के बीच जनपद के सीएचसी और पीएचसी का भ्रमण कर आंकड़ों की जांच करेगी।