शिक्षक दिवस पर गुरुकुल में मनाया गया विशेष आयोजन
खेकड़ा कस्बे के गुरुकुल विद्यापीठ में शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए, वहीं शिक्षिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
शिक्षक दिवस पर गुरुकुल में मनाया गया विशेष आयोजन
— बच्चों ने शिक्षकों को दिए उपहार, शिक्षिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बटोरी वाहवाही
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के गुरुकुल विद्यापीठ में शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए, वहीं शिक्षिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक मुकेश गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के सीनियर छात्र-छात्राएं विशेष भूमिका में नजर आए। छात्राएं साड़ी पहनकर शिक्षिका बनकर मंच पर उतरीं, वहीं छात्र भी शिक्षक की भूमिका में कक्षाओं में पहुंचे और अपने जूनियर विद्यार्थियों को पढ़ाया। इसके बाद छात्रों ने अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं ने भी मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित विद्यार्थियों और अभिभावकों ने खूब सराहा। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रभा सिंघल ने बच्चों को शिक्षक दिवस का महत्व समझाते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के योगदान को याद किया। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्या राखी झा ने किया। इस दौरान विद्यालय का पूरा शिक्षक-स्टाफ मौजूद रहा और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।