आदर्श पब्लिक स्कूल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई
आदर्श पब्लिक स्कूल खेकड़ा में गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। यह दिन देशभर में पराक्रम दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
आदर्श पब्लिक स्कूल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
आदर्श पब्लिक स्कूल में गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। यह दिन देशभर में पराक्रम दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा और जय हिंद जैसे जोशीले नारों से विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। बताया गया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्म 23 जनवरी 1897 को ओडिशा के कटक नगर में हुआ था। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में उनका योगदान अतुलनीय रहा है। वे एक साहसी, दृढ़ निश्चयी और स्वतंत्रता के प्रति अत्यंत समर्पित नेता थे। उनके अदम्य साहस और प्रभावशाली नेतृत्व ने हजारों युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय सेना आजाद हिंद फौज का गठन कर देश की आज़ादी के संघर्ष को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को नेताजी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेताजी केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं थे, बल्कि वे साहस, अनुशासन, आत्मसम्मान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। विद्यालय के प्रबंधक नरेश शर्मा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी और रचनात्मक कार्यक्रम बच्चों के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।