बैंक कर्मचारियों पर साइबर ठगी का आरोप, पीड़िता ने की कार्रवाई की मांग
खटटा प्रह्लादपुर निवासी सारिका जैन ने मेरठ स्थित एक प्रतिष्ठित बैंक की शाखा के कर्मचारियों पर साइबर ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बैंक कर्मचारियों पर साइबर ठगी का आरोप, पीड़िता ने की कार्रवाई की मांग
— खाते से गायब हुए लाखों, बैंक ने भेजा नोटिस, परिवार आर्थिक संकट में
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
खटटा प्रह्लादपुर निवासी सारिका जैन ने मेरठ स्थित एक प्रतिष्ठित बैंक की शाखा के कर्मचारियों पर साइबर ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सारिका जैन का कहना है कि बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से उनके नाम पर क्रेडिट कार्ड जारी कर लिया गया और उसके जरिए दो लाख सत्तासी हजार रुपये का डीजल और पेट्रोल खरीदा गया। जब उन्हें इस ठगी की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल इसकी शिकायत साइबर क्राइम ब्रांच में दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने बताया कि बैंक स्टाफ के लोग जांच के नाम पर उनके घर भी आए थे, लेकिन न तो ठगी की रकम वापस की गई और न ही किसी कर्मचारी पर कोई कार्रवाई हुई। स्थिति और खराब तब हो गई जब बैंक ने उन्हें 3 लाख 52 हजार रुपये का नोटिस भेज दिया। सारिका जैन का कहना है कि उनके खाते में जमा सारे पैसे भी गायब हो गए हैं, जिससे परिवार गंभीर आर्थिक संकट में है। उन्होंने प्रशासन और उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए ठगों और लापरवाह बैंक कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।