खुशखबरी -विजय नगर में 17 करोड़ की योजना से 10 MLD गंगाजल आपूर्ति का शुभारंभ

खुशखबरी -विजय नगर में 17 करोड़ की योजना से 10 MLD गंगाजल आपूर्ति का शुभारंभ

तेजस न्यूज संवाददाता

विजय नगर में 17 करोड़ की योजना से 10 MLD गंगाजल आपूर्ति का शुभारंभ

गाजियाबाद। विजय नगर क्षेत्र के 10 वार्डों में लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या अब समाप्त होने जा रही है। महापौर सुनीता दयाल ने गुरुवार को 17 करोड़ की लागत से 10 MLD गंगाजल आपूर्ति पाइपलाइन योजना का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया।

यह योजना विजय नगर के वार्ड संख्या 3, 14, 15, 23, 25, 26, 48, 51, 55 और 58 में लागू होगी। इसके तहत 200 से 500 एमएम तक की नई पेयजल पाइपलाइन डाली जाएगी। गंगाजल आपूर्ति के लिए सेक्टर-11 बी ब्लॉक, सेक्टर-11 गुलाबी टंकी, सेक्टर-12 मिर्जापुर, सेक्टर-9 नगर निगम कार्यालय परिसर, सेक्टर-9 सम्राट चौक और सेक्टर-रोजबेल पब्लिक स्कूल के पास स्थित कुल छह टंकियों को 6 सीडब्ल्यूआर (CWR) के माध्यम से जोड़ा जाएगा।

महापौर ने बताया कि विजय नगर में वर्षों से जलापूर्ति की समस्या बनी हुई थी। भूजल स्तर लगातार नीचे जाने से पंप जल्दी खराब हो जाते थे और बार-बार पाइप डालने की नौबत आती थी। इस कारण जनता और पार्षदों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। ऐसे में अवस्थापना निधि से 17 करोड़ रुपये की लागत से गंगाजल पाइपलाइन डालने का निर्णय लिया गया। अब इन टंकियों तक सीधे गंगाजल पहुंचेगा और वहां से क्षेत्र की जनता को निर्बाध जलापूर्ति हो सकेगी।

महापौर ने कहा कि छह माह के भीतर यह योजना पूर्ण कर ली जाएगी। इसके बाद विजय नगर के 10 वार्डों में 24 घंटे गंगाजल आपूर्ति उपलब्ध रहेगी और जल संकट समाप्त हो जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि इस पवित्र गंगाजल को व्यर्थ न बहाएं और इसे उचित कार्यों में ही उपयोग करें।

इस अवसर पर नगर निगम के जीएम जल के.पी. आनंद, सहायक अभियंता शेषमणि यादव, अवर अभियंता मयंक मिश्रा, जल निगम के अधिशासी अभियंता ब्रह्मानंद और अधिशासी अभियंता सीएनडीएस सौरभ सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।