गरीब परिवारों की बेटियों की शादी अब होगी सम्मानजनक
गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी अब और अधिक सम्मानजनक और धूमधाम से हो सकेगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की राशि को 51 हजार रुपये से बढ़ाकर अब एक लाख रुपये कर दिया है। इस फैसले से हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और बेटियों की शादी खुशी का पर्व बन जाएगी।
गरीब परिवारों की बेटियों की शादी अब होगी सम्मानजनक
- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अब मिलेगा एक लाख रुपये का लाभ
- बागपत में अब तक 2323 विवाह सम्पन्न, नवंबर में 300 शादियों का लक्ष्य
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी अब और अधिक सम्मानजनक और धूमधाम से हो सकेगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की राशि को 51 हजार रुपये से बढ़ाकर अब एक लाख रुपये कर दिया है। इस फैसले से हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और बेटियों की शादी खुशी का पर्व बन जाएगी।
निराश्रित और विधवा महिलाओं को भी लाभ
इस योजना का लाभ न केवल निर्धन और निराश्रित परिवारों की बेटियों को मिलता है, बल्कि विधवा और तलाकशुदा महिलाओं, विधवा महिला की पुत्री, दिव्यांग अभिभावक की पुत्री और दिव्यांग बेटियों को भी प्राथमिकता दी जाती है। योजना के लिए पात्रता के तहत कन्या की आयु विवाह की तिथि पर 18 वर्ष और वर की आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। परिवार की वार्षिक आय सीमा तीन लाख रुपये तय की गई है।
पूरी जिम्मेदारी सरकार की
योजना के अंतर्गत कुल एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है। इसमें से 60 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाते हैं। 25 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है और 15 हजार रुपये विवाह समारोह पर खर्च होते हैं। इस तरह शादी का पूरा खर्च सरकार वहन करती है और परिवार पर किसी तरह का आर्थिक बोझ नहीं पड़ता।
सामूहिक विवाह बने सामाजिक उत्सव
समाज कल्याण निदेशालय हर साल शुभ मुहूर्त के आधार पर विवाह तिथियों का कैलेंडर जारी करता है। सामूहिक विवाह समारोह में जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वचन देते हैं और बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा करते हैं।
बागपत में 2323 विवाह सम्पन्न
जनपद बागपत में वर्ष 2018 से लेकर मार्च 2025 तक इस योजना के अंतर्गत 2323 विवाह सम्पन्न हो चुके हैं। नवंबर माह में होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए 300 जोड़ों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आवेदन की सरल प्रक्रिया
योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना आवश्यक है। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट cmsvy.upsdc.gov.in
पर आवेदन किया जा सकता है। आवेदन में आवेदिका और अभिभावकों का नाम, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और बैंक खाते की जानकारी देना जरूरी है। जांच पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों की शादी सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्पन्न कराई जाती है।