डीएम अस्मिता लाल की सुगम संकल्प पहल, बागपत में समावेशन और संवेदनशीलता का उत्सव
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में गुरूवार को बागपत ने सुगम संकल्प प्रदर्शनी के माध्यम से सुगम्य भारत की एक नई परिभाषा गढ़ी। दिवाली से पहले कलेक्ट्रेट लोकमंच पर आयोजित यह अनोखा बाज़ार, दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास और हुनर का उत्सव बन गया, जिसने पूरे प्रदेश को संवेदनशीलता का संदेश दिया।
डीएम अस्मिता लाल की सुगम संकल्प पहल, बागपत में समावेशन और संवेदनशीलता का उत्सव
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में गुरूवार को बागपत ने सुगम संकल्प प्रदर्शनी के माध्यम से सुगम्य भारत की एक नई परिभाषा गढ़ी। दिवाली से पहले कलेक्ट्रेट लोकमंच पर आयोजित यह अनोखा बाज़ार, दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास और हुनर का उत्सव बन गया, जिसने पूरे प्रदेश को संवेदनशीलता का संदेश दिया।
प्रदर्शनी में 20 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें जिलेभर के विभिन्न स्कूलों और संस्थानों के दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाए गए उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इन उत्पादों में मिट्टी के दीये, रंगीन मोमबत्तियाँ, पर्यावरण-अनुकूल थैले, पेंटिंग और क्राफ्ट शामिल रहे। डीएम अस्मिता लाल ने स्टॉलों का भ्रमण किया और मूक-बधिर और अन्य विशेष बच्चों से संकेत भाषा में बात करके उनके अनुभव जाने, जिससे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आई। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम जनता ने इन बच्चों से खूब खरीददारी की। प्रदर्शनी के अंत में, जिला प्रशासन ने शेष उत्पाद भी बच्चों के सम्मान में संयुक्त रूप से खरीद लिए। जिलाधिकारी ने बालिकाओं के मनुहार पर अपने हाथों पर मेहंदी लगवाई, और कंडेरा विद्यालय के दस वर्षीय आर्टिस्ट प्रीत ने अपने पैरों से जिलाधिकारी का स्केच बनाकर भेंट किया। बच्चों ने अपनी कलात्मकता के साथ-साथ नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी समाज को जागरूक किया। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, विधायक डॉ. अजय कुमार, प्रदीप ठाकुर सहित गणमान्य अतिथियों ने 65 विशेष बच्चों का उत्साह बढ़ाया, उनकी रचनात्मकता की सराहना की और उन्हें बागपत का गर्व बताया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सहित सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।