गाजियाबाद में दिवाली की रात बड़ा हादसा टला, दमकल विभाग की तत्परता से ज्वेलरी शोरूम सुरक्षित
मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सेक्टर-23 में दीपावली की रात लगी आग ने कुछ देर के लिए हड़कंप मचा दिया। देर रात करीब साढ़े तीन बजे ज्वेलरी शॉप के बाहर लगी टेंट दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने ऊपर के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि नीचे स्थित मंगलम ज्वेलर्स और आसपास की दुकानें पूरी तरह सुरक्षित रहीं।
तेजेश चौहान, तेजस
गाजियाबाद में दिवाली की रात बड़ा हादसा टला, दमकल विभाग की तत्परता से ज्वेलरी शोरूम सुरक्षित
गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सेक्टर-23 में दीपावली की रात लगी आग ने कुछ देर के लिए हड़कंप मचा दिया। देर रात करीब साढ़े तीन बजे ज्वेलरी शॉप के बाहर लगी टेंट दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने ऊपर के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि नीचे स्थित मंगलम ज्वेलर्स और आसपास की दुकानें पूरी तरह सुरक्षित रहीं।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि विभाग को आग की सूचना रात 3:34 बजे प्राप्त हुई थी और 3:58 बजे दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। करीब आधा दर्जन फायर टेंडरों की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। टीम की तत्परता के कारण ज्वेलरी शोरूम और अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

उन्होंने बताया कि आग केवल ज्वेलरी शॉप के बाहर दिवाली के अवसर पर लगाए गए अस्थायी टेंट में लगी दुकानों तक सीमित रही। बाहर खड़े कुछ दोपहिया वाहन आग की चपेट में आए, जबकि ऊपर की मंजिल पर रखा कुछ फर्नीचर हल्का क्षतिग्रस्त हुआ।

ज्वेलरी शॉप के मालिक गौरव गर्ग ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही थी कि दमकल विभाग की गाड़ियां एक घंटे देरी से पहुंचीं और शोरूम जलकर राख हो गया, जबकि यह जानकारी पूरी तरह गलत है। दमकल विभाग की टीम महज 20 मिनट में पहुंच गई थी और उनकी सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
दमकल कर्मियों की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे दीपावली की रात बड़ा नुकसान होने से टल गया।