कैलाश मानसरोवर भवन का संचालन निजी एजेंसी को सौंपेगा जीडीए, धार्मिक गाइडलाइन का होगा पालन
इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन के संचालन को अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण निजी एजेंसी के माध्यम से संचालित कराएगा। यह संचालन धर्मार्थ कार्य विभाग की गाइडलाइन और निर्धारित शर्तों के तहत किया जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि इसके लिए आरएफपी तैयार कर जारी कर दी गई है। संचालन करने वाली एजेंसी को परिसर में माँस और मदिरा का उपयोग पूर्णतया प्रतिबंधित रखना होगा।
तेजस न्यूज संवाददाता
कैलाश मानसरोवर भवन का संचालन निजी एजेंसी को सौंपेगा जीडीए, धार्मिक गाइडलाइन का होगा पालन
परिसर में माँस-मदिरा पर पूर्ण प्रतिबंध, मानसरोवर यात्रा अवधि में निजी बुकिंग नहीं

गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन के संचालन को अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण निजी एजेंसी के माध्यम से संचालित कराएगा। यह संचालन धर्मार्थ कार्य विभाग की गाइडलाइन और निर्धारित शर्तों के तहत किया जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि इसके लिए आरएफपी तैयार कर जारी कर दी गई है। संचालन करने वाली एजेंसी को परिसर में माँस और मदिरा का उपयोग पूर्णतया प्रतिबंधित रखना होगा।

उन्होने बताया कि भवन का उपयोग विशेष रूप से कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़े यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा। जून से सितंबर तक की यात्रा अवधि के दौरान परिसर में किसी भी प्रकार की निजी बुकिंग या कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। हालांकि यात्रा अवधि से इतर समय में स्थानीय नागरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सकेंगे।

जीडीए अधिकारियों के अनुसार, भवन के संचालन एवं रख-रखाव का दायित्व 15 वर्षों के लिए निजी एजेंसी को सौंपा जाएगा। निर्धारित शर्तों के पालन की स्थिति में इसे आगे 15 वर्ष और बढ़ाया जा सकेगा। भवन में यात्राओं और आयोजनों के दौरान लोगों के ठहरने के लिए उपयुक्त आवास की व्यवस्था और पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध है।
उल्लेखनीय है कि गाजियाबाद दौरे के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैलाश मानसरोवर भवन के संचालन की व्यवस्था को बेहतर और सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद धर्मार्थ कार्य विभाग और जीडीए के बीच एमओयू साइन किया गया और इसके बाद भवन को औपचारिक रूप से प्राधिकरण को हैंडओवर कर दिया गया।