व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
खेकड़ा में छठ महापर्व के अंतिम दिन मंगलवार को व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कस्बे सहित आसपास के इलाकों में पूर्वांचल की परंपरा के अनुसार श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ महापर्व मनाया गया।
छठ महापर्व-
व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
- छठ पूजा के समापन पर कृत्रिम घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
छठ महापर्व के अंतिम दिन मंगलवार को व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कस्बे सहित आसपास के इलाकों में पूर्वांचल की परंपरा के अनुसार श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ महापर्व मनाया गया।
कस्बे में पूर्वांचल के परिवारों ने अपने घरों और मोहल्लों में बनाए गए कृत्रिम तालाबों एवं घाटों पर छठ मइया की पूजा की। भोर से पहले ही महिलाएं फल, फूल, पुआ, पूड़ी, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री से भरी डलिया लेकर घाटों पर पहुंचीं। वेदी सजाकर दीप जलाए गए और छठ मइया की आरती उतारी गई। व्रती महिलाओं ने सूप में नारियल और दीपक रखकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान महिलाओं ने कोसी भरकर अपने बच्चों की लंबी आयु और परिवार की खुशहाली की कामना की। व्रती महिलाओं में पुष्पा पटेल, सविता यादव, नीलम आदि शामिल रहीं। धार्मिक आयोजन में सोनिया, गीता, दीपांजली, विपिन, पंकज जोशी, अनिल, हरिराम पटेल, आशीष, अश्विनी, अंशिका, वर्षा आदि की सक्रिय भूमिका रही।