प्रमुख सचिव ने खेकड़ा सीएचसी और गौशाला का किया निरीक्षण
शासन से नामित जनपद नोडल अधिकारी एवं आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने बुधवार को खेकड़ा सीएचसी और अस्थायी गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने दोनों स्थानों पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सुधार की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव ने खेकड़ा सीएचसी और गौशाला का किया निरीक्षण
- अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
शासन से नामित जनपद नोडल अधिकारी एवं आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने बुधवार को खेकड़ा सीएचसी और अस्थायी गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने दोनों स्थानों पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सुधार की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव ने सीएचसी में ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा भंडार और रोगी वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने कुछ खामियों पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ डा. तीरथ लाल को निर्देश दिए कि साफ-सफाई, उपकरण रखरखाव और मरीज सुविधा से जुड़ी सभी कमियों को सात दिन में दूर किया जाए। उन्होंने मातृत्व सुरक्षा कक्ष, ओपीडी रजिस्टर, दवा वितरण पर्चियों और रेफर मरीजों के अभिलेख की जांच की। निर्देश दिया कि हर मरीज का पूरा विवरण दर्ज किया जाए और फॉलो-अप सुनिश्चित हो। सीएचसी में योजनाओं से जुड़े आकर्षक पोस्टर और शिकायत पेटिका लगाने के भी निर्देश दिए। इसके बाद प्रमुख सचिव ने खेकड़ा स्थित अस्थायी गौशाला का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कुल 98 गौवंशों 31 नर व 67 मादा की स्थिति, स्वास्थ्य और आहार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि सभी गौवंशों को पौष्टिक आहार और नियमित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं गौवंशों को गुड़ और केला खिलाया और गौअष्टमी के अवसर पर गायों की सेवा के सांस्कृतिक एवं मानवीय महत्व पर बल दिया। उन्होंने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी हरिलाल पटेल को निर्देशित किया कि सर्दी से बचाव के लिए उचित प्रबंध किए जाएं और गायों के चारे की गुणवत्ता में सुधार किया जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त सीएचसी आवास की चारदीवारी के पुनर्निर्माण के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम निकेत वर्मा, डिप्टी सीएमओ डा. यशवीर सिंह, सीवीओ डॉ. अरविंद त्रिपाठी, सीएचसी अधीक्षक डा. ताहिर समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे।