बिना टेंडर पंचायत भवन निर्माण की शिकायत पर फखरपुर पहुंची जांच टीम, वीडियोग्राफी के बीच हुई पड़ताल
विकास खंड खेकड़ा की ग्राम पंचायत फखरपुर में बिना टेंडर प्रक्रिया के पंचायत भवन का निर्माण कराए जाने की शिकायत पर गुरुवार को प्रशासनिक अमला हरकत में आया। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों की संयुक्त टीम गांव पहुंची और निर्माण स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
बिना टेंडर पंचायत भवन निर्माण की शिकायत पर फखरपुर पहुंची जांच टीम, वीडियोग्राफी के बीच हुई पड़ताल
- डीएम के आदेश पर तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासनिक और तकनीकी टीम ने की जांच
- भारी पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की रही तैनाती, जुटाए गए साक्ष्य
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
विकास खंड खेकड़ा की ग्राम पंचायत फखरपुर में बिना टेंडर प्रक्रिया के पंचायत भवन का निर्माण कराए जाने की शिकायत पर गुरुवार को प्रशासनिक अमला हरकत में आया। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों की संयुक्त टीम गांव पहुंची और निर्माण स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
गांव निवासी एडवोकेट कृष्णपाल तेवतिया ने मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत में बिना टेंडर प्रक्रिया पूरी किए ही पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इस मामले में पूर्व में समाधान दिवस में भी शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, पंचायत भवन निर्माण के लिए पहले 31 लाख 46 हजार रुपये की लागत से निविदा जारी की गई थी, लेकिन बाद में उसे किसी कारणवश निरस्त कर दिया गया। इसके बावजूद निर्माण कार्य कराए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने विस्तृत जांच के आदेश दिए थे। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे तहसीलदार गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में सहायक विकास अधिकारी पंचायत और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं की टीम फखरपुर पहुंची। अधिकारियों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य की स्थिति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की। जांच के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ महिला पुलिस बल भी तैनात रहा। मौके पर मजदूरों और मशीनरी की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि निर्माण कार्य से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच की जा सके। तहसीलदार गौरव अग्रवाल ने बताया कि मौके पर जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पूरी जांच की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।