अधिवक्ताओं ने न्यायालयों का बहिष्कार किया समाप्त
खेकड़ा तहसील के हड़ताली अधिवक्ताओं ने बुधवार को वार्ता के बाद तहसीलदार और नायब तहसीलदार के न्यायालयों का बहिष्कार वापस ले लिया, जबकि एसडीएम न्यायालय का बहिष्कार जारी रखने की घोषणा की।
अधिवक्ताओं ने न्यायालयों का बहिष्कार किया समाप्त
- तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालय का समाप्त किया, एसडीएम न्यायालय का बहिष्कार रहेगा जारी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
तहसील के हड़ताली अधिवक्ताओं ने बुधवार को वार्ता के बाद तहसीलदार और नायब तहसीलदार के न्यायालयों का बहिष्कार वापस ले लिया, जबकि एसडीएम न्यायालय का बहिष्कार जारी रखने की घोषणा की।
अधिवक्ता दस अक्तूबर से हड़ताल पर है। उनका आरोप था कि एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और रजिस्ट्रार कानूनगो के न्यायालयों में अनियमितताएं व्याप्त हैं, जिससे वादियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। अधिवक्ताओं का कहना था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी सुधार नहीं कर रहे थे। बुधवार को तहसीलदार, नायब तहसीलदार और रजिस्ट्रार कानूनगो ने अधिवक्ताओं से वार्ता की। उन्होंने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और कहा कि लंबित प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध रूप से किया जाएगा। वार्ता के बाद अधिवक्ताओं ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार के न्यायालयों का बहिष्कार समाप्त कर दिया, लेकिन यह स्पष्ट किया कि जब तक एसडीएम कार्यालय की अनियमितताएं दूर नहीं की जातीं, तब तक एसडीएम न्यायालय का बहिष्कार जारी रहेगा। वार्ता में बार अध्यक्ष नवीन त्यागी, महामंत्री हरिओम शर्मा, सरदार सिंह यादव, जनेश्वर दयाल पंवार और भूपेंद्र धामा सहित कई अधिवक्ता शामिल रहे।