जर्जर स्कूलों को एक माह के भीतर कराया जाए ठीकःपंकज अवाना
आप ने चलाया स्कूल ठीक करो अभियान
तेजस न्यूज संवाददाता
सूरजपुर स्थित बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बीएसए से मुलाकात की। यह मुलाकात आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्कूल ठीक करो अभियान के तहत नोएडा स्थित प्राथमिक विद्यालय होशियारपुर और दादरी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कैलाशपुर को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की।

युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना ने बताया कि पिछले दिनों जर्जर स्कूलों के वीडियो बनाकर वायरल किए गए थे। स्कूलों में बच्चों को साफ पानी पीने और छात्राओं के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। जिसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर एफआईआर भी करा दी गई। प्रदेश सरकार की तरफ से 604 करोड़ रुपये स्कूलों को ठीक कराने के लिए जारी किए गए थे। जर्जर स्कूलों को ठीक करने के लिए शिक्षा विभाग को एक महीने का समय दिया गया है। स्कूलों को अगर ठीक नहीं किया जाता है तो आम आदमी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता वीडियो बनाकर लोगों के समक्ष स्कूलों की वास्तविकता रखेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी, जिला प्रभारी सीएम चौहान, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना, जिला महासचिव नवीन भाटी, जिला संगठन मंत्री स्वाति सिंह, जेवर विधान सभा अध्यक्ष यतेंद्र शर्मा, केशव उपाध्याय और अनिल चेची समेत कई आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।