सपा कार्यकर्ताओं ने लगाई पीडीए चौपाल

सपा नेता चौधरी इंद्रसेन गुर्जर ने दिया जीत का मंत्र

सपा कार्यकर्ताओं ने लगाई पीडीए चौपाल

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के निठारी और सलारपुर गांव में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा पीडीए चौपाल का आयोजन किया गया। यह पीडीए चौपाल समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस पीडीए चौपाल में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता चौधरी इंद्रसेन गुर्जर भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने पीडीए चौपाल पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संवाद भी किया। साथ ही आगामी राजनीतिक संघर्ष के लिए कार्यकर्ताओं को जीत का गुरु मंत्र भी दिया।

समाजवादी पार्टी के नेता चौधरी इंद्रसेन गुर्जर ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों, विचारधार और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में किए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संवाद करें। जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और पिछड़े वर्ग के लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का काम करें। पीडीए की ताकत ही समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। मौजूदा सरकार में गांवों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। भाजपा लगातार स्मार्ट गांव और विकास के बड़े-बड़े दावे करती है। लेकिन, जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।    

बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम कर रही पार्टीःआश्रय गुप्ता

महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने बताया कि समाजवादी पार्टी नोएडा विधान सभा में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लगातार कार्य कर रही है। पीडीए चौपाल के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रही है। आने वाला समय समाजवादी पार्टी का है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता, महानगर प्रभारी चौधरी इंद्रसेन, विकास यादव, ठाकुर बबलू चौहान, विधान सभा अध्यक्ष चौधरी जयकरण सिंह, फकीर चंद नगर, गौरव यादव, बब्बू यादव, टीटू यादव, राघवेंद्र दूबे, संजीव नगर, रेसपाल अवाना, राजेश अम्बावता, मनोज प्रजापति, देवेंद्र अवाना, देवेंद्र गुर्जर और सुमित वर्मा समेत कई समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।