रैली निकालकर राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को खेकड़ा कस्बे में भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्कूली बच्चों और पुलिसकर्मियों ने रैली निकालकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। शिक्षण संस्थाओं में भी कार्यक्रम आयोजित कर सरदार पटेल के योगदान को याद किया गया।
रैली निकालकर राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
- राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को किया नमन, शिक्षण संस्थाओं में हुए कार्यक्रम
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को कस्बे में भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्कूली बच्चों और पुलिसकर्मियों ने रैली निकालकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। शिक्षण संस्थाओं में भी कार्यक्रम आयोजित कर सरदार पटेल के योगदान को याद किया गया।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर कोतवाली में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद स्कूली बच्चों और पुलिसकर्मियों की रैली कोतवाली से शुरू होकर रेलवे रोड पुलिस चौकी चौराहे तक पहुंची। यहां से रैली वापस कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल बच्चे हिंदुस्तान जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारे लगाते हुए चल रहे थे। इससे वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। कोतवाली में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है। बड़ागांव की स्याद्वाद जैन एकेडमी सहित कस्बे के एमएम डिग्री कॉलेज, एमएम इंटर कॉलेज, आदर्श पब्लिक स्कूल, कोणार्क विद्यापीठ, गुरुकुल विद्यापीठ, देवकृष्णा पब्लिक स्कूल, जेनेक्स पब्लिक स्कूल और होली चाइल्ड एकेडमी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी सरदार पटेल की जयंती मनाई गई। विद्यालय परिवारों ने लौहपुरुष को नमन करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का महत्व बताया।
