पुरुष वर्ग में दोघट, महिला वर्ग में बसी टीम बनी चैंपियन
मुबारिकपुर स्थित केटी स्टेडियम में रविवार को आयोजित बागपत कबड्डी लीग सीजन-2 के फाइनल मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। पुरुष वर्ग में दोघट और महिला वर्ग में नैन स्पोर्ट्स एकेडमी, बसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
बागपत कबड्डी लीग सीजन-2 का भव्य समापन-
पुरुष वर्ग में दोघट, महिला वर्ग में बसी टीम बनी चैंपियन
- नरेश टिकैत ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर बढ़ाया हौसला
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
मुबारिकपुर स्थित केटी स्टेडियम में रविवार को आयोजित बागपत कबड्डी लीग सीजन-2 के फाइनल मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। पुरुष वर्ग में दोघट और महिला वर्ग में नैन स्पोर्ट्स एकेडमी, बसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला दोघट और बिजरौल के बीच खेला गया, जो पूरे टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मुकाबला साबित हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद रेड के जरिए विजेता का फैसला हुआ। लगातार पांच-पांच रेड के बाद दोघट ने एक अंक की बढ़त बनाते हुए 23-22 से बिजरौल को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। पुरुष वर्ग में दोघट के अमन पंवार को बेस्ट रेडर, बिजरौल के सूरज तोमर को बेस्ट डिफेंडर, धनौरा के आर्यन शर्मा को बेस्ट मोमेंट अवॉर्ड, मवीकलां के हर्षदीप को बेस्ट यंग प्लेयर तथा दोघट के कमल पंवार को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना गया। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला भी अंतिम क्षणों तक संघर्षपूर्ण रहा। नैन स्पोर्ट्स एकेडमी, बसी ने देवकृष्णा टीम खेकड़ा को 27-26 अंकों के करीबी अंतर से हराकर महिला वर्ग की ट्रॉफी अपने नाम की। महिला वर्ग में देवकृष्णा खेकड़ा की हन्नू को बेस्ट रेडर, बसी की गुड्डन को बेस्ट डिफेंडर, बसी की अंजली को गोल्डन मोमेंट अवॉर्ड, देवकृष्णा की सना को बेस्ट यंग प्लेयर और बसी की काजल को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का सम्मान मिला। समापन समारोह में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत और जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों के बीच लीग का भव्य समापन हुआ। आयोजन समिति के अध्यक्ष केटी भैया ने अतिथियों, खिलाड़ियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में आरएसएस के प्रांत प्रचारक शिवकुमार त्यागी, चेयरमेन कृष्णपाल, विनोद कुमार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र धामा, जाट समाज अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, सतेंद्र नैन, कृपाल सिंह, तेजपाल सिंह, ग्राम प्रधान सतपाल सिंह, सर्वखाप चौधरी जितेंद्र धामा, उमेश कुमार शर्मा, डॉ. जगपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


