कूड़ा निस्तारण को खेकड़ा नगरपालिका लगाएगी प्लांट

खेकड़ा नगरपालिका बोर्ड की बैठक में नगर के सर्वांगीण विकास को रफ्तार देने के लिए लगभग छह करोड़ रुपये के विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा नागरिकों को बेहतर जनसेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

कूड़ा निस्तारण को खेकड़ा नगरपालिका लगाएगी प्लांट

कूड़ा निस्तारण को खेकड़ा नगरपालिका लगाएगी प्लांट
- बोर्ड बैठक में करीब छह करोड़ के विकास प्रस्ताव पारित
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
नगरपालिका बोर्ड की बैठक में नगर के सर्वांगीण विकास को रफ्तार देने के लिए लगभग छह करोड़ रुपये के विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा नागरिकों को बेहतर जनसेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय कूड़ा निस्तारण के लिए आधुनिक प्लांट स्थापित करने का लिया गया। इससे नगर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समस्या का स्थायी समाधान होने और स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई गई। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को राहत देने के लिए दो पानी के टैंकरों की व्यवस्था करने का निर्णय भी लिया गया, ताकि पेयजल संकट की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, नई सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य, तथा स्ट्रीट लाइटों की स्थापना जैसे प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए, जिससे नगर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा सके। जनहित को प्राथमिकता देते हुए गर्मियों में प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में 30 वाटर कूलर लगाए जाने का भी निर्णय लिया गया, ताकि राहगीरों और व्यापारियों को शीतल पेयजल उपलब्ध हो सके। बैठक में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। सभासदों से आह्वान किया गया कि वे स्वयं सोलर पैनल लगवाएं और आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करें, जिससे वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिल सके। बैठक की अध्यक्षता चेयरपर्सन नीलम धामा ने की। इस दौरान ईओ हरिलाल पटेल, प्रतिनिधि चेयरमैन सुनील इंजीनियर, मुख्य लिपिक नीरज शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे और विकास कार्यों पर विस्तृत मंथन किया गया।
ये सभासद रहे उपस्थित
गजेन्द्र धामा, संजय धामा, महक सिंह, फईमुद्दीन, सुरेशपाल, सविता, शिखा देवी, बबीता देवी, सपना देवी, सुभाष, मीता गोयल, संजीव कुमार, रूबी देवी, राखी यादव, ममता अग्रवाल, महताब खान, लियाकत अली, पिंकी देवी, रूबी कश्यप, मुस्तकीम, नजीर, सतेन्द्र, बबीता, बिजेन्द्र और शमीम सहित अन्य सदस्य बैठक में शामिल रहे।