सौहरखा गांव के निवासियों ने की एसीईओ से मुलाकात

स्पोर्ट्स सिटी के संशोधित ले-आउट प्लान पर तत्काल रोक लगाने की मांग

सौहरखा गांव के निवासियों ने की एसीईओ से मुलाकात

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के सेक्टर 96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पर सौहरखा गांव के निवासियों ने अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी से मुलाकात की। यह मुलाकात किसान नेता रवि यादव के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान स्पोर्ट्स सिटी सेक्टर 78 और 79 के संशोधित ले-आउट प्लान पर जल्द से जल्द रोक लगाने की मांग की गई।

किसान नेता रवि यादव ने बताया कि बिल्डर द्वारा सर्वोच्च न्यायालय में स्पोर्ट्स सिटी के संशोधित ले-आउट प्लान के संबंध में एक याचिका दाखिल की गई है। विशेष अनुमति याचिकाओं का किसानों के अधिवक्ताओं द्वारा गहन अध्ययन किया जा रहा है। विशेष याचिका के सभी दस्तावेजों और विधिक पहलुओं के अध्ययन के बाद ही प्रभावित किसान अपनी आगे की रणनीति और अगला कदम तय करेंगे। यदि उनके पैतृक और कानूनी अधिकारों की अनदेखी कर बिल्डरों को अनुचित लाभ पहुंचाने की कोशिश की जाती है तो किसान धरना प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएगा। इस मौके पर पूर्व ऑडिट अधिकारी (कैग) रतनपाल यादव, अमरपाल यादव, मामचंद यादव, मुखिया नरेश कुमार, बिक्रम यादव और कैलाश यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।