छुट्टी के विवाद में गार्ड ने बैंक मैनेजर को गोली मारकर की हत्या
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां छुट्टी को लेकर हुए विवाद के बाद बैंक के गार्ड ने शाखा प्रबंधक को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मैनेजर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी गार्ड अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
छुट्टी के विवाद में गार्ड ने बैंक मैनेजर को गोली मारकर की हत्या
- लोनी में दिनदहाड़े पंजाब एंड सिंध बैंक में सनसनीखेज वारदात
- गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, रास्ते में तोड़ा दम
- बागपत का रहने वाला आरोपी गार्ड सीसीटीवी में बंदूक लेकर भागता दिखा
लोनी/गाजियाबाद, तेजस न्यूज रिपोर्टर
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां छुट्टी को लेकर हुए विवाद के बाद बैंक के गार्ड ने शाखा प्रबंधक को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मैनेजर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी गार्ड अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा में हुई। मृतक बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा (34) मूल रूप से बिहार के पटना जिले के लखीपुर के रहने वाले थे। वह अगस्त 2025 से गाजियाबाद में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार बैंक का गार्ड रवींद्र हुड्डा, जो बागपत जिले के चांदीनगर थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव का निवासी है, पिछले कई दिनों से छुट्टी मांग रहा था। सोमवार सुबह जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो मैनेजर अभिषेक शर्मा ने उसे फोन कर कारण पूछा और तुरंत बैंक आने को कहा। दोपहर करीब 1:45 बजे रवींद्र अपने एक साथी के साथ बाइक से बैंक पहुंचा। उसने अपने साथी को बैंक के बाहर खड़ा कर दिया और अंदर जाकर बैंक में जमा अपनी बंदूक उठा ली। इसके बाद वह सीधे मैनेजर के पास पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर गार्ड ने मैनेजर के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही अभिषेक शर्मा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और बैंक में मौजूद कर्मचारियों व ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। बैंक कर्मचारियों ने तुरंत घायल मैनेजर को बाइक से दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
घटना से जुड़ा बैंक गेट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी गार्ड अपने एक साथी के साथ बैंक से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। कुछ मिनट बाद बैंक कर्मचारी घायल मैनेजर को उठाकर बाहर ले जाते नजर आते हैं। प्रत्यक्षदर्शी आरएन पांडेय ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर वह रुक गए। तभी एक व्यक्ति हाफ पैंट और पीली टी-शर्ट में हाथ में बंदूक लिए बाहर निकलता दिखा। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। दोनों मेन रोड पर खड़ी बाइक से फरार हो गए।
आर्मी से रिटायर्ड है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी गार्ड रवींद्र हुड्डा वर्ष 2018 में सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। करीब तीन महीने पहले ही उसे पंजाब एंड सिंध बैंक में गार्ड की नौकरी मिली थी।
पुलिस जांच में जुटी
गाजियाबाद ग्रामीण जोन के पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में छुट्टी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।