बागपत में किसान ने खुद को मारी गोली, हिम्मतपुर सूजती में सनसनी
बागपत जनपद के हिम्मतपुर सूजती गांव में एक किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक ने घर के अंदर ही अपनी कनपटी पर गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बागपत में किसान ने खुद को मारी गोली, हिम्मतपुर सूजती में सनसनी
- घर के भीतर कनपटी पर गोली मारकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
जनपद के हिम्मतपुर सूजती गांव में एक किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक ने घर के अंदर ही अपनी कनपटी पर गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान कुलदीप उर्फ बिट्टू (36) पुत्र स्वर्गीय धर्मवीर सिंह, पूर्व प्रधान, निवासी हिम्मतपुर सूजती के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय कुलदीप घर में अकेला था, जबकि उसकी मां रिश्तेदारी में गई हुई थीं। सोमवार सुबह करीब नौ बजे जब उसकी ताई कृष्णा उसे खाना देने पहुंचीं, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने चचेरे भाई विपिन को बुलाया। दोनों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कुलदीप का शव जमीन पर पड़ा था और सिर के पास खून फैला हुआ था। घटना की सूचना पर दोघट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ बड़ौत अंशु जैन, थाना प्रभारी केवल सिंह समेत पुलिस बल और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के पास से 315 बोर का तमंचा और एक खाली खोखा बरामद हुआ है। गोली दाईं कनपटी पर लगी पाई गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतक के बड़े भाई संदीप और उनकी पत्नी डिंपल उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात हैं और वर्तमान में बुलंदशहर में कार्यरत हैं। थाना प्रभारी केवल सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।