तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वृद्धा की मौत, गांव में शोक
खेकड़ा क्षेत्र के मवीकलां गांव में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वृद्धा की मौत, गांव में शोक
- खेत पर जाते समय हादसा, पुलिस जांच में जुटी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र के मवीकलां गांव में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
संतरा देवी (65) पत्नी राज सिंह बुधवार को अपने घर से खेत पर काम करने के लिए जा रही थीं। जैसे ही वह सड़क पार कर रही थीं, तभी गाजियाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर दो युवक सवार बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतरा देवी के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मोटरसाइकिल सवार युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार का कहना है कि मामले की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।