घर से चीनी लेने गई 11 वर्षीय बालिका गायब, परिजन परेशान
रटौल में सोमवार सुबह घर से दुकान पर चीनी लेने गई 11 वर्षीय बालिका रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। परिजन उसकी तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं, वहीं पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बालिका की तलाश में जुट गई है।
घर से चीनी लेने गई 11 वर्षीय बालिका गायब, परिजन परेशान
– पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
रटौल में सोमवार सुबह घर से दुकान पर चीनी लेने गई 11 वर्षीय बालिका रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। परिजन उसकी तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं, वहीं पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बालिका की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मेरठ जनपद के दिरेशपुर निवासी चांद अपने परिवार के साथ रटौल के मेन बाजार में एक कमरे पर किराये पर रहता है। परिजनों ने बताया कि उसकी 11 वर्षीय पुत्री जोया सुबह लगभग आठ बजे घर से चीनी लेने पास की दुकान पर गई थी, लेकिन काफी देर बाद भी घर नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन जब दोपहर तक भी कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने रटौल पुलिस चौकी पर सूचना दी। सूचना मिलते ही रटौल चौकी इंचार्ज भूपेंद्र चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस फुटेज के आधार पर बालिका की गतिविधियों को तलाशने में लगी हुई है। वहीं परिजन भी पुलिस के साथ मिलकर लगातार जोया की खोजबीन में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर खोज तेज कर दी गई है।