जमीन विवाद में विधवा की हत्या, आरोपी जेठ गिरफ्तार कर जेल भेजा
खेकड़ा क्षेत्र के हसनपुर मसूरी गांव में जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां छोटे भाई की विधवा की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी जेठ को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है।
जमीन विवाद में विधवा की हत्या, आरोपी जेठ गिरफ्तार कर जेल भेजा
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
खेकड़ा क्षेत्र के हसनपुर मसूरी गांव में जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां छोटे भाई की विधवा की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी जेठ को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है।
कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतूरा के अनुसार, गांव निवासी जयराम ने करीब दो वर्ष पूर्व दिल्ली निवासी गुंजा उर्फ अंकिता से विवाह किया था। दिसंबर 2025 में जयराम की दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद गुंजा और उसके जेठों के बीच डेढ़ बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
बताया गया कि 26 मार्च की दोपहर इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जेठ परविंदर ने घर में ही गुंजा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक गोली सिर में और दूसरी छाती में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
मामले में पाठशाला पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रात में ही आरोपी परविंदर को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया।
वहीं, पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव गांव पहुंचा, जहां पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने शमशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।