मिशन शक्ति अभियान के तहत बहादुरगढ़ पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक
थाना बहादुरगढ़ पुलिस टीम द्वारा अब तक ग्राम कनौर, लुहारी, देहरा रामपुर, शरीफाबाद व जखेड़ा सहित कई गांवों में सैकड़ों महिलाओं को जागरूक किया जा चुका है। इस पहल की क्षेत्र की महिलाएं भी सराहना कर रही हैं
तेजस न्यूज संवाददाता
मिशन शक्ति अभियान के तहत बहादुरगढ़ पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक
हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ पुलिस द्वारा क्षेत्र में महिलाओं को जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत गांव जखेड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं व बालिकाओं ने भाग लिया।

इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन व सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 108 (एंबुलेंस सेवा), 181 (महिला सहायता), 102 (स्वास्थ्य सेवा), हापुड़ साइबर क्राइम हेल्पलाइन 9520864950 तथा अन्य आवश्यक नंबरों की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना एवं सामूहिक विवाह योजना के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया, जिससे वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बन सकें।
प्रभारी निरीक्षक थाना बहादुरगढ़ धीरज मलिक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार मिशन शक्ति अभियान को जनपद में प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस टीम द्वारा अब तक ग्राम कनौर, लुहारी, देहरा रामपुर, शरीफाबाद व जखेड़ा सहित कई गांवों में सैकड़ों महिलाओं को जागरूक किया जा चुका है। इस पहल की क्षेत्र की महिलाएं भी सराहना कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम के अंत में महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।