मिशन शक्ति-5 के तहत बहादुरगढ़ पुलिस का जागरूकता अभियान, मंदिरों में महिलाओं को दी सुरक्षा हेल्पलाइन की जानकारी
जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति-5 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
तेजस न्यूज संवाददाता
मिशन शक्ति-5 के तहत बहादुरगढ़ पुलिस का जागरूकता अभियान, मंदिरों में महिलाओं को दी सुरक्षा हेल्पलाइन की जानकारी
हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति-5 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने कंनौर गांव के अलावा क्षेत्र के अन्य कई गांव के मंदिरों में उपस्थित महिलाओं को सरकार द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं को यह भी बताया कि इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय है, जिससे महिलाएं बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत 1930 नंबर पर देने की अपील की गई।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एस एच ओ धीरेन्द्र मलिक का कहना है कि आगे भी इसी तरह के जागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।