प्रेम विवाह से नाराज ससुराल पक्ष पर दलित युवक की हत्या का आरोप, दो गिरफ्तार

थाना टीला मोड़ क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर एक दलित युवक की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

प्रेम विवाह से नाराज ससुराल पक्ष पर दलित युवक की हत्या का आरोप, दो गिरफ्तार

तेजस न्यूज /सत्यपाल सिंह चौहान 

प्रेम विवाह से नाराज ससुराल पक्ष पर दलित युवक की हत्या का आरोप, दो गिरफ्तार

साहिबाबाद। थाना टीला मोड़ क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर एक दलित युवक की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

                   (मृतक का फाईल फोटो )

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह पीआरबी के माध्यम से सूचना मिली कि भनेड़ा पुलिया के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय नितिन कुमार, निवासी गीतांजलि विहार लोनी के रूप में हुई है।

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई अमित कुमार की शिकायत पर थाना टीला मोड़ में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

परिजनों के अनुसार, नितिन ने करीब एक वर्ष पूर्व दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम विवाह किया था। कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते युवती अपने मायके चली गई थी। आरोप है कि युवती के परिजनों ने बातचीत के बहाने नितिन को बुलाया और सुनियोजित तरीके से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने लोनी क्षेत्र में सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर परिजन शांत हुए और बाद में अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।