फ्लोरिस हॉस्पिटल की शानदार पहल,आम लोगों के लिए महंगी जांच के लिए लगाया निशुल्क शिविर, करीब 400 से ज्यादा लोगों ने कराई जांच
प्रताप विहार स्थित फ्लोरिस अस्पताल द्वारा जनहित में रविवार, 5 अप्रैल 2026 को एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के करीब 400 लोगों ने कराई निःशुल्क जाँच
तेजस न्यूज संवाददाता
फ्लोरिस अस्पताल द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का किया गया आयोजन करीब 400 से ज्यादा लोगों ने कराई जाँच
गाजियाबाद।
प्रताप विहार स्थित फ्लोरिस अस्पताल द्वारा जनहित में रविवार, 5 अप्रैल 2026 को एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जी-ब्लॉक, सेक्टर-11, प्रताप विहार स्थित अस्पताल परिसर में किया गया। इस दौरान करीब 400 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया। शिविर में बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) टेस्ट, जिसकी सामान्य लागत लगभग 3000 रुपये होती है, के साथ ही विटामिन-डी टेस्ट, लंबाई-वजन मापन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी तथा डायबिटिक फिजियोथेरेपी जैसी महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं।

इसके अलावा जनरल मेडिसिन, हृदय रोग, बाल रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग और श्वास रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श भी प्रदान किया गया। अस्पताल के प्रबंध निदेशक एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव गुप्ता ने बताया कि उन्होंने लगभग 50 मरीजों की जांच की, जिनमें अधिकांश में कैल्शियम, विटामिन-डी और विटामिन बी-12 की कमी पाई गई। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे अपने आहार में दूध एवं उससे बने उत्पादों को शामिल करें और नियमित रूप से योग, व्यायाम व प्राणायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

अस्पताल के प्रबंधन से जुड़े डॉ. एम.के. सिंह ने बताया कि फ्लोरिस अस्पताल द्वारा प्रत्येक रविवार को इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। साथ ही सोसाइटी और मलिन बस्तियों में भी समय-समय पर ऐसे शिविर लगाकर लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाती हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराकर बीमारियों से बचाव करें।

शिविर में डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. एम.के.सिंह, डॉ. कपिल, डॉ. धनंजय, डॉ. आनंद कुमार, डॉ. नितिन सहित तकनीशियन एवं अन्य स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना की।
