गंभीर वायु प्रदूषण से अपने परिवार को रखें सुरक्षितःडॉ. राहुल शर्मा

हवा में मौजूद प्रदूषण के बारीक कण स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं

गंभीर वायु प्रदूषण से अपने परिवार को रखें सुरक्षितःडॉ. राहुल शर्मा

तेजस न्यूज संवाददाता

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। हवा में मौजूद प्रदूषण के बारीक कण स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर सांस और हृदय से जुड़े स्वास्थ्य पर पड़ता है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से अस्थमा की समस्या बढ़ सकती हैं। लंबे समय तक रहने वाली ब्रोंकाइटिस हो सकती है। यह आगे चलकर हृदय और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर परेशानी हो सकती हैं। यह बातें नोएडा और ग्रेटर नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल के पल्मोनोलॉजी और क्रिटिकल केयर के डायरेक्टर डॉक्टर राहुल शर्मा ने कहीं।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल के पल्मोनोलॉजी और क्रिटिकल केयर के डायरेक्टर डॉक्टर राहुल शर्मा ने कहा कि जब हम काफी ज्यादा प्रदूषित हवा में सांस लेते हैं तो उसममें मौजूद बेहद छोटे और हानिकारक कण नाक के प्राकृतिक बचाव को पार करके फेफड़ों के भीतर तक पहुंच जाते हैं। इससे शरीर में सूजन बढ़ सकती है। इसका असर सिर्फ अस्थमा और ब्रोंकाइटिस जैसी समस्याओं को बढ़ाने तक सीमित नहीं रहता है। बल्कि, इससे दिल पर भी दबाव पड़ता है। अचानक सीने में तकलीफ हो सकती है और समय के साथ शरीर के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।

ज्यादा सावधानी बरतने की आवश्यकता

बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से सांस संबंधी बीमारियों और हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को खुले में बाहर निकलने से बचना चाहिए। खासतौर पर सुबह से शुरुआती घंटों में बाहर नहीं जाएं। इस दौरान हवा में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा हो सकता है।