पूर्वांचल समाज ने की नोएडा और गाजियाबाद समेत पांच विधान सभा सीटों की मांग
अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद ने की भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े से मुलाकात
तेजस न्यूज संवाददाता
अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद के एक प्रतिनिधि मंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े से मुलाकात की। यह मुलाकात अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद के अध्यक्ष शैलेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय पर आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों में नोएडा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद ने नोएडा, जेवर, दादरी, साहिबाबाद और गाजियाबाद के लिए बिहार और पूर्वांचल से जुड़े नेताओं को टिकट देने की मांग की।

अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद के अध्यक्ष शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिहार, पूर्वांचल और मिथिलांचल से आए लगभग 60 से 70 लाख लोग रहते हैं। नोएडा, दादरी, जेवर, गाजियाबाद और साहिबाबाद सीटें इन क्षेत्रों में आती है। यह सभी पांच सीटें पूर्वांचल और बिहार समाज के नेताओं को दी जानी चाहिए। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि पांचों प्रस्तावित प्रत्याशियों का बायोडाटा जमा किया जाए। चुनाव वर्किंग कमेटी इस पर विचार करेगी। टीम की बैठक भी जल्द से जल्द कराई जाएगी। इस मौके पर शैलेंद्र मिश्रा, दिवाकांत झा, छाया तिवारी, मुकेश भाटी, डॉ. इंदिरा मिश्र, पुष्पा पटेल और पूनम सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।