चोटपुर और छिजारसी कॉलोनी में शालिनी सिंह ने भेजा वाटर टैंकर
बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के चोटपुर और छिजारसी क्षेत्र में बिजली संकट के साथ ही पानी का संकट भी पैदा हो गया है। पिछले कई दिनों से चोटपुर और छिजारसी के लोगों को साफ और स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा है। इस संबंध में नोएडा सिटीजन फोरम की अध्यक्ष शालिनी सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों से भी इस संबंध में बात की है। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह से चोटपुर और छिजारसी क्षेत्र के निवासियों को पानी के टैंकरों की सप्लाई कराने की मांग की थी। हालांकि, नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग की तरफ से पानी के टैंकरों को लेकर असमर्थता जताई गई थी। जिसके बाद नोएडा सिटीजन फोरम की अध्यक्ष शालिनी सिंह ने निजी टैकरों के माध्यम से पीड़ित परिवारों को निशुल्क पानी की व्यवस्था उपलब्ध कराई।

नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने बताया कि चोटपुर और छिजारसी में बिजली समस्याओं को लेकर उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों के अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के संबंधित अधिकारियों से विस्तार से वार्ता की। अधिकारियों से मांग है कि जिन उपभोक्ताओं के पास वैध पर्ची और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं। उनके मीटर लगाने का कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाना चाहिए। जिन लोगों के पास अभी वैध कनेक्शन नहीं है। उनके लिए भी एनसीएफ लगातार प्रयास किया जा रहा है। संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सभी पात्र परिवारों को न्यायसंगत और वैध कनेक्शन उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी। इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भी भेजा गया है।