जन्माष्टमी के बाद कांग्रेस में होगी जिला और महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति
40 से ज्यादा दावेदारों ने ठोकी ताल, 12 नाम दिल्ली भेजे
तेजस न्यूज संवाददात
उत्तर प्रदेश कांग्रेस जन्माष्टमी के बाद गौतमबुद्ध नगर में जिला और महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकता है। यह नियुक्ति सभी जाति और समीकरणों को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भी यह नियुक्ति की जाने की संभावना है।

कांग्रेस सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के पास गौतमबुद्ध नगर के सभी राजपूत, ब्राह्मण, गुर्जर, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के आवेदकों का रिपोर्ट कार्ड पहुंच चुका है। पार्टी इस बार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगातार उठाए जा रहे जेन-जी और महिलाओं के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए जिला और महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकती है। संगठन सृजन अभियान के प्रमुख शेख मस्तान वली ने गौतमबुद्ध नगर की रिपोर्ट में कुछ तेज-तर्रार महिलाओं के नाम भी शामिल किए हैं।
40 से ज्यादा दावेदारों ने किया आवेदन
गौतमबुद्ध नगर जिला और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए करीब 40 से ज्यादा दावेदारों की तरफ से आवेदन किया गया है। संगठन सृजन अभियान के प्रमुख शेख मस्तान वली, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, गाजियाबाद के पूर्व जिलाध्यक्ष विनीत त्यागी और सहारनपुर के ज्ञानेंद्र राघव की तरफ से 24 और 25 अगस्त को सभी आवेदकों के नामों की स्क्रीनिंग की थी। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, बैठकों के माध्यम से समिति ने 8 लोगों के नामों पर अपनी सहमति दी है। लेकिन, समिति ने मंथन के बाद कुल 12 नामों की अंतिम रिपोर्ट कांग्रेस मुख्यालय के पास भेजी है।
आज और कल दिल्ली में होगी केंद्रीय हाईकमान के साथ बैठक
दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर तीन और चार सितंबर को केंद्रीय हाईकमान के साथ एक बैठक उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं के साथ होगी। इस बैठक में सभी 75 जिलों के दावेदावों पर अपना पक्ष रखा जाएगा। दिल्ली में चर्चा होने के बाद गौतमबुद्ध नगर जिला और महानगर अध्यक्षों की जन्माष्टमी के बाद घोषणा कर दी जाएगी।