2027 के चुनाव में वैश्य समाज की हो उचित भागीदारीःविनय अग्रवाल
राष्ट्र निर्माण में वैश्य समाज का अहम योगदानःविनय अग्रवाल
तेजस न्यूज संवाददाता
सभी राजनीतिक दलों से आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में वैश्य समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की अपील की गई है। वैश्य समाज व्यापार, उद्योग, रोजगार, सृजन, शिक्षा, चिकित्सा और समाजसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। देश की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में समाज की अहम भूमिका रही है। यह जानकारी नोएडा के सेक्टर 33 स्थित अग्रसेन भवन में अंतरराष्ट्रीय वैश्य संगठन की हुई प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय अग्रवाल की तरफ से दी गई।

अंतरराष्ट्रीय वैश्य संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने बताया कि वैश्य समाज में अनेक शिक्षित, योग्य और कर्मठ लोग हैं। जिन्हें विधान सभा चुनाव में टिकट देकर जनसेवा का अवसर दिया जाना चाहिए। राजनीतिक दलों को टिकट वितरण में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। वैश्य समाज की यह मांग किसी अन्य वर्ग के अधिकारों के खिलाफ नहीं है। बल्कि लोकतंत्र में सभी समाजों को उचित प्रतिनिधित्व देने की भावना से जुडी है। वैश्य समाज का योगदान केवल आर्थिक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बल्कि नीति निर्माण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में भी उसे उचित स्थान मिलना चाहिए। इस मौके पर भूलचंद गुप्ता, बलराज गोयल, डॉ. विकास बंसल, सुधीर पोरवाल, नवीन पोरवाल, संजय गुप्ता, विकास जैन, शैलेंद्र बरनवाल, दिनेश महावर, राधा कृष्ण गर्ग, संजय जैन, गौरव सिंघल, विपिन अग्रवाल और राम निवास गोयल समेत कई लोग मौजूद रहे।