सम्मेद शिखर में अश्लील वीडियो, नशा करने और बाइक संचालन हो बंदः संजय जैन

विश्व जैन संगठन ने प्रेस वार्ता के दौरान दी जानकारी

सम्मेद शिखर में अश्लील वीडियो, नशा करने और बाइक संचालन हो बंदः संजय जैन

तेजस न्यूज संवाददाता

झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित पारसानथ पर्वतराज सर्वोच्च जैन तीर्थ श्री सम्मेद शिखर पर फिल्मी गानों पर बनाए जाने वाले अश्लील वीडियो को जल्द से जल्द बंद किया जाना चाहिए। इसके अलावा नशा करने और बाइक संचालन समेत सभी गैर धार्मिक गतिविधियों के कारण पर्वतराज की पवित्रता और पर्यावरण को नष्ट किया जा रहा है। पर्वतराज प्रवेश द्वार पर सामान जांच, यात्री पंजीकरण और पर्वतराज पर सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने समेत कई प्रमुख मांगों को रखा गया। यह जानकारी नोएडा के सेक्टर 29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में हुई प्रेस वार्ता के दौरान विश्व जैन संगठन के अध्यक्ष संजय जैन ने दी।


विश्व जैन संगठन के अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि केंद्रीय वन मंत्रालय और झारखंड सरकार से पर्वतराज की पवित्रता और पर्यावरण संरक्षण के लिए पर्वतराज प्रवेशद्वार पर यात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था की जानी चाहिए। स्कैन और बैरियर के अलावा सामान जांच चेक पोस्ट, सीसीटीवी कैमरे लगाने, वंदना मार्ग को अवैध, अतिक्रमण मुक्त कराने और बाइक संचालन किसी भी प्रकार का नशा करने, प्लास्टिक सामग्री उपयोग और फिल्मी गानों पर वीडियो रील बनाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। इस मौके पर संगठन की नोएडा शाखा अध्यक्ष केक जैन, वीरेंद्र जैन, अभिषेक जैन, संगठन की युवा प्रकोष्ठ महामंत्री सागर जैन, सेक्टर 27 जैन मंदिर प्रधान पवन कुमार जैन, सेक्टर 50 जैन मंदिर प्रधान प्रदीप चंद्र जैन, सीए विपुल जैन और लक्ष्मी नगर शाखा अध्यक्ष अतुल जैन समेत कई लोग मौजूद रहे।