राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निदेशक ने किया जिला अस्पताल का दौरा

ऐसे निरीक्षण से स्वास्थ्य सेवाओं का होता है आदान-प्रदानःसीएमएस

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निदेशक ने किया जिला अस्पताल का दौरा

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल का राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निदेशक समेत विभिन्न राज्यों और जनपदों से आए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्साधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अशोक कुमार झा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत संचालित हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।


राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निदेशक समेत विभिन्न राज्यों और जनपदों से आए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्साधिकारियों ने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर, ओपीडी, फार्मेसी, एडमिशन काउंटर, ब्लड लैब, आईपीडी, सीएमएसडी स्टोर और सर्वर रूम का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को मरीज के पंजीकरण से लेकर ओपीडी सेवाओं, चिकित्सकीय परामर्श, जांच, औषधि वितरण, भर्ती और आईपीडी प्रबंधन समेत अस्पताल की विभिन्न सेवाओं में एचएमआईएस के माध्यम से होने वाले कार्यों की भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की।


ऐसे निरीक्षण से स्वास्थ्य सेवाओं का होता है आदान-प्रदानःसीएमएस 
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर अशोक कुमार झा ने बताया कि इस प्रकार के निरीक्षण के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का आदान-प्रदान होता है। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को ज्यादा प्रभावी, पारदर्शी और जनोपयोगी बनाने में भी काफी सहायता प्राप्त होगी। इस मौके पर जिला अस्पताल के डॉक्टर एचएम लावणिया, डॉक्टर असद महमूद, संतोष पांडेय, अदिति और डॉक्टर पवन समेत कई स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।