आज धूमधाम से मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

इस्कॉन मंदिर में कान्हा को लगेगा 500 से ज्यादा व्यंजनों का भोग

आज धूमधाम से मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

तेजस न्यूज संवाददाता

 नोएडा और ग्रेटर नोएडा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व काफी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस पर्व को मनाने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर लोगों द्वारा पूरे दिन भर बाजारों में गहमागहमी भी रही। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न मंदिरों में झांकियों को संवारने और सजाने का कार्य भी अब अंतिम चरण में चल रहा है।


नोएडा के सेक्टर 33 स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य श्रृंगार की तैयारियां काफी तेजी के साथ की जा रही हैं। इस खास मौके पर भगवान श्रीकृष्ण के लिए काफी शानदार और भव्य वस्त्र भी तैयार किए जा रहे हैं। इस बार जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को देश और विदेश के लगभग 500 से ज्यादा स्वादिष्ट व्यंजनों का महाभोग लगाया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के लिए विशेष वस्त्र तैयार करने वाले भक्त लगभग 10 सालों से इस सेवा में लगे हुए हैं। यह सभी भक्त दिन-रात भगवान की पोशाक तैयार करने में लगे हुए हैं। भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पोशाक बनाने के लिए रेशमी कपड़ों का प्रयोग किया गया है। इसके अलावा पोशाक में असली मोती, गोटा, जरी और दूसरी पारंपरिक सजावटी चीजें भी लगाई गई हैं।


मंदिर की रसोई में ही तैयार हो रहे मसाले
इस्कॉन मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के भोग की तैयारियां भी काफी तेजी से चल रही हैं। भगवान श्रीकृष्ण के भोग को तैयार करने के लिए जितनी भी कच्ची सामग्री और मसालों की आवश्यकता है। उसे मंदिर की अपनी रसोई में तैयार किया जा रहा है। मंदिर की रसोई के अलावा बाहर से किसी भी मासले का उपयोग नहीं किया जाएगा। 
500 से ज्यादा व्यंजनों का लगेगा महाभोग
मंदिर परिसर को काफी शानदार और भव्य पंडालों, रंग-बिरंगे ताजे फूलों और आकर्षक रोशनी के साथ सजाया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण को 500 से ज्यादा प्रकार के व्यंजनों का दिव्य भोग लगाया जाएगा। इस महाभोग में भारतीय मिठाइयों के अलावा विदेशी व्यंजन भी शामिल हैं। जिसमें माखन-मिश्री, गोल-गोल लड्डू, पेड़े, मीठी खीर, गरमा-गरम पूड़ी-कचौड़ी और स्वादिष्ट परांठे समेत कई प्रकार की चीजें शामिल हैं। विदेशी व्यंजनों में केक, पेस्ट्री, पिज्जा, पास्ता, लजानिया और टैकोजा समेत विभिन्न प्रकार के शेक, मिठाइयां और कई प्रकार की नमकीन भी शामिल हैं।
यशोदा मैया बनकर महिलाएं तैयार कर भोग 
इस्कॉन मंदिर में 30 से ज्यादा महिलाएं भगवान श्रीकृष्ण के महाभोग को बनाने में जुटी हुई है। यह सभी महिलाएं पिछले लगभग 25 सालों से भगवान का महाभोग तैयार कर रही हैं। यह सभी महिलाएं केवल भोजन ही तैयार नहीं कर रही हैं। बल्कि, रसोई में हरे कृष्ण महामंत्र का कीर्तन भी लगातार कर रही हैं। इससे भोग बनाते समय वात्सल्य भाव भी महिलाओं के भीतर पैदा हो रहा है।