डूब क्षेत्र बना नोएडा का नया राजनीतिक अखाड़ा
शालिनी सिंह और पंकज सिंह लगातार उठा रहे समस्या, डूब क्षेत्र को लेकर विपक्ष अभी भी सो रहा कुंभकर्ण की नींद
विनय जोशी
नोएडा। उत्तर प्रदेश का शो विंडो माने जाने वाले नोएडा के डूब क्षेत्र में बसे छिजारसी और चोटपुर गांव इन दिनों राजनीति का नया अखड़ा बन चुका है। बिजली विभाग की तरफ से डूब क्षेत्र में 13 हजार से ज्यादा अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के तहत बिजली विभाग ने इनके कनेक्शन भी काट दिए हैं। वहीं, छिजारसी और चोटपुर गांव में अवैध अतिक्रमण होने के चलते लगभग 50 हजार से ज्यादा लोगों के घरों का पानी भी काट दिया गया है। बिजली और पानी का कनेक्शन काटे जाने के बाद स्थानीय निवासियों की तरफ से विधायक पंकज सिंह से लेकर थाने और जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव भी किया चुका है।
विधायक पंकज सिंह को इसकी सूचना प्राप्त होने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय में फोन से बातचीत भी की। जिसमें वैध कनेक्शन को नहीं काटे जाने की मांग की। दूसरी तरफ बृजभूषण सिंह की पुत्री शालिनी सिंह भी अपने स्थानीय संगठन एनसीएफ के माध्यम से लगातार एक्शन में नजर आ रही है। शालिनी सिंह के पास चोटपुर और छिजारसी गांव में पानी के कनेक्शन काटे जाने की सूचना प्राप्त हुई तो उन्होंने निजी टैंकरों के माध्यम से पानी की व्यवस्था करवाई। हालांकि, पिछले कई दिनों से चोटपुर और छिजारसी गांव में चल रही इस समस्या के बाद भी विपक्ष पूरी तरह से नदारद नजर आ रहा है। विपक्ष के नदारद होने के चलते उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधान सभा चुनाव के दौरान विपक्ष भाजपा को किस प्रकार से टक्कर दे सकेगा। यह देखना काफी ज्यादा दिलचस्प होगा।

पंकज सिंह के समक्ष एक बड़ी चुनौती
विधान सभा चुनाव में अब मात्र 6 महीने से भी कम का समय रह गया है। नोएडा के विधायक पंकज सिंह की राजनीति के समक्ष यह एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आ गई है। विधायक पंकज सिंह इस मामले में पूरी तरह से लोगों का साथ देना संभव नहीं है। जिसके चलते उन्होंने वैध कनेक्शन को चालू रखना और अवैद घरों के लिए कोई अस्थाई व्यवस्था बनाने की मांग की है। विधायक पंकज सिंह चुनाव तक किसी बड़े नुकसान को होने से रोकना चाहते हैं।

डूब क्षेत्र के मतदाताओं का पड़ सकता है असर
नोएडा विधान सभा सीट की अगर बात की जाए तो पंकज सिंह 181513 मतों से चुनाव जीते थे। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के सुनील चौधरी रहे थे। पंकज सिंह को 244319 मत प्राप्त हुए थे। जबकि, सुनील चौधरी को 62806 मत प्राप्त हुए थे। ऐसा माना जा रहा है कि चोटपुर और छिजारसी गांव में 50 हजार से ज्यादा मतदाता रहते हैं। इन मतदाताओं का विधायक पंकज सिंह की जीत और हार में एक बड़ा अंतर पैदा हो सकता है।

शालिनी सिंह भी लगातार उठा रही मुद्दा
नोएडा विधान सभा सीट में बृजभूषण सिंह की पुत्री शालिनी सिंह सामाजिक और राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटी हुई है। शालिनी सिंह को चोटपुर और छिजारसी गांव का मुद्दा आपदा में अवसर के तौर पर उभर कर सामने आया है। शालिनी सिंह पिछले लगभग एक साल के भीतर नोएडा की सभी छोटी और बड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठा रही हैं।
पंखुड़ी पाठक भी घुमा चुकी है पानी के टैंकर
2022 के विधान सभा चुनावों से पहले कांग्रेस की पंखुड़ी पाठक भी शहर भर में टैंकरों को लगातार घूमा चुकी हैं। इसके बाद भी चुनावों में पंखुड़ी पाठक अपनी जमानत तक नहीं बचा सकी थी। चुनाव के बाद से आज तक पंखुड़ी पाठक जनता के बीच से नदारद नजर आ रही हैं। लोगों को एक बार फिर इस टैंकर पॉलिटिक्स के चलते पंखुड़ी पाठक की याद आना शुरू हो गई है।