यमुना प्राधिकरण की जमीन पर भूमाफियाओं का कब्जा
कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय के माध्यम से कार्रवाई करने का आदेश जारी करवाया जाएगाःश्याम सिंह भाटी
तेजस न्यूज संवाददाता
यमुना प्राधिकरण द्वारा जगनपुर अफजलपुर गांव के खसरा संख्या 5, 9 और 20 का अर्जन किया गया था। किसानों को इस जमीन पर प्रतिकर भी प्राप्त हो गया है। मौजूदा समय में इस जमीन पर कुछ भूमाफियाओं द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके कॉलोनी बसाई जा रही है। इस संबंध में कई बार लिखित तौर पर शिकायतें भी की जा चुकी है। इन शिकायतों के बाद भी यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा अब तक इन भूमाफियाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस संबंध में एडवोकेट श्याम सिंह भाटी की तरफ से एक शिकायती पत्र यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को भेजा गया है।

एडवोकेट श्याम सिंह भाटी ने बताया कि उनकी मांग है कि यमुना प्राधिकरण की तरफ से जल्द से जल्द भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यमुना प्राधिकरण द्वारा बसाई जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करने का काम भी जल्द से जल्द किया जाए। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा अगर इस मामले में किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो न्यायालय के माध्यम से भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश जारी करवाया जाएगा। जिससे इस जमीन को भूमाफियाओं से कब्जा मुक्त कराई जा सके।