प्रताप विहार की रामलीला में इस बार दिखा नया अंदाज, होर्डिंग से गायब रहे पदाधिकारियों के नाम और फोटो
प्रताप विहार सेक्टर-11 स्थित रामलीला मैदान में श्री रामचरितमानस रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव इस बार अपने अनूठे अंदाज को लेकर चर्चा में है। करीब 31 साल से आयोजित हो रहे इस महोत्सव में वर्ष 2026 में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि इस बार रामलीला मैदान में लगाए गए होर्डिंग और प्रचार सामग्री पर कमेटी के किसी भी पदाधिकारी का नाम या फोटो नहीं लगाया गया है
तेजस न्यूज संवाददाता
31 साल से हो रहा रामलीला महोत्सव, भव्य खुले मंच और डिजिटल पर्दों के साथ श्रद्धालुओं को मिल रहा नया अनुभव

गाजियाबाद। प्रताप विहार सेक्टर-11 स्थित रामलीला मैदान में श्री रामचरितमानस रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव इस बार अपने अनूठे अंदाज को लेकर चर्चा में है। करीब 31 साल से आयोजित हो रहे इस महोत्सव में वर्ष 2026 में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि इस बार रामलीला मैदान में लगाए गए होर्डिंग और प्रचार सामग्री पर कमेटी के किसी भी पदाधिकारी का नाम या फोटो नहीं लगाया गया है। यहां तक कि मुख्य संरक्षक और संरक्षक मंडल के साथ साथ अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष का नाम भी होर्डिंग पर नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, निमंत्रण कार्ड पर कमेटी के सदस्यों के नाम दिए गए हैं।

खुले मंच और डिजिटल पर्दों से सजी रामलीला
इस बार रामलीला के मंच को पहले की अपेक्षा अधिक भव्य और खुला स्वरूप दिया गया है। मंचन के दौरान पारंपरिक पर्दों के बजाय डिजिटल पर्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे रामलीला का दृश्यांकन आकर्षक बन रहा है और दर्शकों को एक अलग अनुभव मिल रहा है। आयोजन में मंच की साज-सज्जा के साथ-साथ दर्शकों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

पदाधिकारियों के नाम और फोटो प्रचार से रखे दूर
कमेटी के अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा ने बताया कि इस बार पहली बार यह पहल की गई है कि किसी भी पदाधिकारी का नाम या फोटो होर्डिंग पर नहीं लगाया गया है। आयोजन का उद्देश्य रामलीला को भव्य और व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत करना है। उन्होंने बताया कि यहां रामलीला का मंचन गाजियाबाद के घंटाघर क्षेत्र में होने वाली रामलीला के कलाकारों द्वारा ही किया जा रहा है।

परिवार के साथ बैठकर रामलीला देखने की व्यवस्था
पंडित राजेश शर्मा के मुताबिक, इस बार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है, ताकि लोग अपने परिवार के साथ आराम से बैठकर रामलीला का आनंद ले सकें। आयोजन में श्रद्धालुओं की सुविधा और भक्तिमय वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

पिछले साल विवादों के कारण प्रभावित हुई थी योजना
राजेश शर्मा ने बताया कि जिस तरह की व्यवस्था और मंचन इस बार किया जा रहा है। उसे पिछले साल ही शुरू करने की योजना थी। हालांकि उनके अनुसार पिछली कमेटी के कार्यकाल में विवादों के चलते यह संभव नहीं हो पाया था। मामला थाने,चौकी और न्यायालय तक पहुंच गया था जिसके कारण आयोजन की तैयारियां प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा से इस बार आयोजन को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार लोगों की भीड़ में भी भारी इजाफा हुआ है और सभी दर्शक रामलीला मंचन की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।

इस बार प्रताप विहार सेक्टर-11 में आयोजित रामलीला महोत्सव में मंच की नई सज्जा, डिजिटल तकनीक, पदाधिकारियों के नाम और फोटो से परहेज तथा दर्शकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।