श्रीजी गौ सदन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गोवर्धन पूजा महोत्सव
श्रीजी गौ सदन के अध्यक्ष सीए विकास अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 94 स्थित श्रीजी गौ सदन में गोवर्धन पूजा महोत्सव का कार्यक्रम काफी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम श्रीजी गौ सदन के अध्यक्ष सीए विकास अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक पंकज सिंह, आईपीएस आरएन मिश्रा, नोएडा प्राधिकरण के जीएम एके अरोड़ा, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन और सांसद प्रतिनिधि संजय बाली बतौर मुख्य अतिथि के रूप में रहे। वहीं, कार्यक्रम के बाद गाय स्नान घर, गोवर्धन श्री कृष्ण की प्रतिमा और श्री जी वाटिका का उद्घाटन भी किया गया।

श्रीजी गौ सदन के अध्यक्ष सीए विकास अग्रवाल ने बताया कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का स्थान काफी पूजनीय है। गौवंश का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है। बल्कि, हमारी सांस्कृतिक विरासत, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और मानवीय संवेदनाओं से भी जुड़ा हुआ है। समाज के प्रत्येक वर्ग को गौसेवा और गोवंश संरक्षण के इस पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता करनी चाहिए। इस मौके पर श्रीजी गौ सदन के अध्यक्ष सीए विकास अग्रवाल, महासचिव सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष एनके अग्रवाल और महेश चौहान समेत कई लोग मौजूद रहे।