ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसे, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
खेकड़ा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसे, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
- अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे, तलाश जारी
खेकड़ा।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना बुधवार रात खेकड़ा क्षेत्र में उस समय हुई, जब गाजियाबाद से हरियाणा की ओर जा रहे एक टेंपो के चालक ने वाहन के पहियों की हवा चेक करने के लिए गाड़ी रोकी थी। इसी दौरान मैनपुरी निवासी 21 वर्षीय सहचालक प्रवीण कुमार टेंपो के पास खड़ा था और चालक से बातचीत कर रहा था। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रवीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना मंगलवार को लहचौड़ा गांव के समीप हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। गाजियाबाद के भोजपुर निवासी राहुल पुत्र विनेश और उसका मित्र मंगत, जो एक कंपनी में कार्यरत हैं, अपनी बहन के रटौल जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक लहचौड़ा गांव के पास पहुंची, एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक एक्सप्रेस वे से नीचे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
