घरेलू कार्य के लिए मिट्टी या बालू लाने पर किसानों पर न हो कार्रवाई- भाकियू
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को खेकड़ा तहसील कार्यालय पर धरना देकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। एसडीएम निकेत वर्मा ने किसानों से वार्ता कर उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और समाधान कराने का आश्वासन दिया।
घरेलू कार्य के लिए मिट्टी या बालू लाने पर किसानों पर न हो कार्रवाई- भाकियू
- खेकड़ा तहसील में गरजे भाकियू कार्यकर्ता
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तहसील कार्यालय पर धरना देकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। एसडीएम निकेत वर्मा ने किसानों से वार्ता कर उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और समाधान कराने का आश्वासन दिया।
भाकियू कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में तहसील पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। किसानों ने 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देने, राशन कार्डों में हो रही धांधली रोकने, अलीपुर बांध की मरम्मत कराने, ट्रानिका सिटी से काठा तक हाइवे पर काली सड़क बनवाने, तथा घर-घर जल योजना के तहत गांवों में बनी पानी की टंकियों से सप्लाई शुरू कराने की मांग की। किसानों ने यह भी कहा कि जो किसान अपने घरेलू कार्यों के लिए निजी साधनों से मिट्टी या बालू लाते हैं, उनके खिलाफ प्रशासन कोई कार्रवाई न करे। एसडीएम ने किसानों की सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को भेजने और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। धरने में भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, जिला प्रभारी विनोद कुमार, धर्मपाल सिंह, सुधीर धामा, शिवदत्त शर्मा, दीपक शर्मा, जगपाल धामा, कंवरपाल, धर्मेंद्र, महिपाल, सुल्तान सिंह, संजय, जयवीर और कृष्णपाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।