तीन करोड़ रुपये से होगी नोएडा विधान सभा सीट पर सपा की दावेदारी
मुकेश शर्मा ने नोएडा सीट पर दावेदारी की पेशकश, कुमार विश्वास की कथा से पुख्ता कर रहे दावेदारी
विनय जोशी
उत्तर प्रदेश के 2027 मे होने वाले आगामी विधान सभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के लिए इस बार नोएडा विधान सभा सीट काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे में नोएडा विधान सभा सीट पर कई धनपति और बाहुबली चुनाव लड़ने की इच्छा विभिन्न राजनीतिक दलों से जता चुके हैं। वहीं, पिछले कुछ समय से नोएडा विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी से टिकट की दावेदारी पेश कर रहे एक धनपति का नाम काफी चर्चा में चल रहा है। समाजवादी पार्टी से धनपति मुकेश शर्मा ने नोएडा विधान सभा सीट पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है।

नोएडा विधान सभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने का दावा भी मुकेश शर्मा की तरफ से सार्वजनिक कर दिया गया है। हालांकि, अभी तक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तरफ से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, मुकेश शर्मा ने नोएडा विधान सभा सीट से अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए पार्टी फंड के नाम पर एक मोटा चढ़ावा भी भेंट किया है।
कुमार विश्वास की कथा से पुख्ता कर रहे दावेदारी
नोएडा विधान सभा सीट पर मुकेश शर्मा किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं। ऐसे में मुकेश शर्मा ने प्रसिद्ध कवि और कथा वाचक डॉ. कुमार विश्वास की कथा कराने का फैसला किया है। कथा वाचक डॉ. कुमार विश्वास के नोएडा आगमन के बाद समाजवादी पार्टी का टिकट मुकेश शर्मा के लिए लगभग पक्का माना जा रहा है। यह कथा नोएडा में तीन दिवसीय होने जा रही है। इस कथा के आयोजन के लिए मुकेश शर्मा ने लगभग तीन करोड़ रुपये से ज्यादा अब तक खर्च कर दिए हैं।
13, 14 और 15 नवंबर को होगी कथा
कथा वाचक डॉ. कुमार विश्वास की यह कथा आगामी 13, 14 और 15 नवंबर को नोएडा में आयोजित की जाएगी। तीन दिन के आयोजन के लिए मुकेश शर्मा ने कथा वाचक को एक करोड़ रुपये से ज्यादा की फीस दी है। इस पूरे आयोजन पर उनके द्वारा लगभग 2 करोड़ रुपये का खर्च किए जाने की संभावना लगाई गई है। ऐसे में इस आयोजन पर लगभग तीन करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च आने की संभावना है।
तीन करोड़ खर्च करके पक्का होगा सपा का टिकट
समाजवादी पार्टी से अपना टिकट किसी भी सूरत पर पक्का करने के लिए मुकेश शर्मा ने कथा पर तीन करोड़ रुपये खर्च करने का फैसला किया है। इस कथा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी न्यौता भेजा गया है। संभावना है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कथा में मौजूद रह सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कथा सुनने के बहाने नोएडा विधान सभा सीट से प्रत्याशी की घोषणा भी कर सकते हैं।