दीपावली पर रोशनी से नहाया गाजियाबाद, नगर निगम ने सजाए शहर के प्रमुख मार्ग और चौराहे
दीपावली महापर्व के अवसर पर गाजियाबाद शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग हो उठा है। नगर निगम की ओर से शहर की सुंदरता और स्वच्छता को निखारने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में निगम के प्रकाश विभाग ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और ऐतिहासिक स्थलों को आकर्षक रोशनी से सजाया है।
तेजस न्यूज संवाददाता
दीपावली पर रोशनी से नहाया गाजियाबाद, नगर निगम ने सजाए शहर के प्रमुख मार्ग और चौराहे
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था, स्वच्छता में व्यापारियों का सहयोग सराहा गया

गाजियाबाद। दीपावली महापर्व के अवसर पर गाजियाबाद शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग हो उठा है। नगर निगम की ओर से शहर की सुंदरता और स्वच्छता को निखारने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में निगम के प्रकाश विभाग ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और ऐतिहासिक स्थलों को आकर्षक रोशनी से सजाया है।

नगर आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष पहली बार नगर निगम मुख्यालय पर अत्याधुनिक एलईडी पिक्सल लाइटों की प्रोग्रामिंग लड़ी लगाई गई है, जो कम बिजली की खपत के साथ शानदार रोशनी बिखेर रही है। मुख्यालय के साथ ही सभी जोनल कार्यालयों को भी सजाया गया है, जिससे निगम परिसर दीपावली की रौनक से भर उठा है।

शहर के प्रमुख स्थानों जैसे कलेक्ट्रेट रोड, हापुड़ चुंगी चौराहा, ठाकुरद्वारा रोड, अंबेडकर रोड, मोहन नगर एलिवेटेड रोड, वसुंधरा रोड, पुराना बस अड्डा चौक, नेहरू नगर चौक, महावीर चौक, दुर्गा भाभी चौक और शहीद स्थल को भी लाइटिंग और सजावट से सजाया गया है।

प्रभारी प्रकाश अधिकारी आश कुमार के अनुसार, शहर के ऐतिहासिक डासना गेट, दिल्ली गेट, जवाहर गेट और सिहानी गेट को भी रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों और लड़ियों से रोशन किया गया है। कलेक्ट्रेट मार्ग पर एलईडी लाइट का आकर्षक द्वार भी बनाया गया है, जो राहगीरों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

नगर निगम द्वारा न केवल लाइटिंग व्यवस्था की गई है, बल्कि सौंदर्यकरण के तहत ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में भी सजावट की गई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें रात में स्वीपिंग अभियान चलाकर बाजारों और प्रमुख स्थानों की सफाई सुनिश्चित कर रही हैं।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने दीपावली पर स्वच्छता और सुंदरता अभियान में सहयोग देने के लिए व्यापारिक संगठनों और नागरिकों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रयासों और नागरिकों के सहयोग से इस दीपावली पर गाजियाबाद पहले से अधिक सुंदर और रोशन दिखाई दे रहा है।