मेरठ मण्डलायुक्त ने यशोदा मेडिसिटी की तैयारियों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन एवं यशोदा मेडिसिटी के उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मेरठ मण्डलायुक्त ऋषिकेश भास्कर ने शुक्रवार को इंदिरापुरम के शक्ति खंड-2 स्थित यशोदा मेडिसिटी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर एवं कार्यक्रम स्थल पर हो रही व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
तेजस न्यूज संवाददाता
मेरठ मण्डलायुक्त ने यशोदा मेडिसिटी की तैयारियों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गाजियाबाद। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन एवं यशोदा मेडिसिटी के उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मेरठ मण्डलायुक्त ऋषिकेश भास्कर ने शुक्रवार को इंदिरापुरम के शक्ति खंड-2 स्थित यशोदा मेडिसिटी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर एवं कार्यक्रम स्थल पर हो रही व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, मुख्य अतिथियों के आगमन मार्ग, मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि “कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएँ समय पर और शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाएँ।”

उल्लेखनीय है कि यशोदा मेडिसिटी के भव्य उद्घाटन समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। साथ ही महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य अनुप्रिया पटेल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों के सम्मिलित होने की संभावना है।

मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को ट्रैफिक एवं सुरक्षा प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आमजन एवं आगन्तुक अतिथियों दोनों के लिए कार्यक्रम सुचारू एवं गरिमामय रहे।”

इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़, एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष दशरथ पाटिल, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट संतोष कुमार उपाध्याय सहित नगर निगम, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।