सड़क पर चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला
राहुल विहार कट के पास फ्लाईओवर के नीचे एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और तेज लपट के साथ धूँ - धूँ कर जलने लगी। इस दौरान कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर राख हो गई।
तेजस न्यूज संवाददाता
चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान
गाजियाबाद। थाना विजयनगर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-9 पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राहुल विहार कट के पास फ्लाईओवर के नीचे एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और तेज लपट के साथ धूँ - धूँ कर जलने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी में आग लगते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि कार सवार व्यक्ति ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। जानकारी देते हुए फायर ऑफिसर राहुल पाल ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:14 बजे कॉलर सचिन द्वारा सूचना मिली कि राहुल विहार, विजय नगर फ्लाईओवर के नीचे एक गाड़ी में आग लगी है। सूचना मिलते ही कोतवाली से फायर यूनिट को तत्काल रवाना किया गया।

दमकल टीम के मौके पर पहुंचने तक गाड़ी (UP31 AW 4014, स्कॉर्पियो क्लासिक) में भीषण आग लग चुकी थी। फायर कर्मियों ने तुरंत होज पाइप के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाया और उसे पूरी तरह बुझा दिया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। गाड़ी के मालिक अशदीप सिंह पुत्र कुलजीत सिंह बताए गए,जो घटना के समय मौके पर मौजूद थे।